



- जेल में भी हुए कार्यक्रम, बहनों ने अपराध से दूर रहने का लिया वचन
- रेल, बस और अन्य यातायात साधनों में रही भारी भीड़भाड़
फिरासत हुसैन/ अरुण कुमार
बरेली,टेलीग्रामसंवाद। भैया दूज हर्षोल्लास और उत्साह पूर्वक मनाया गया। बहनों ने अपने भाइयों के लिए दीर्घायु की कामना कर उनका तिलक किया। भैया दूज त्योहार पर आवागमन ज्यादा होने से यातायात व्यवस्था चरमराई रही। रेल और बस स्टेशनों पर भारी भीड़ रही। यातायात संबंधी अन्य साधन भी कम पड़ गए।

बुधवार सुबह से ही भाई दूज त्योहार धूमधाम से मनाया जाने लगा था। मिठाई, फल और उपहार दुकानों पर भारी भीड़ रही। पवित्र पर्व देर शाम तक मनाया जाता रहा। हालांकि ज्यादातर लोगों ने शुभ मुहूर्त में ही तिलक कर पारंपरिक कार्यक्रम किया।


जेल प्रशासन द्वारा बेहतर व्यवस्था
जिला और सेंट्रल जेल में बंद भाइयों से मिलने के लिए कड़ी सुरक्षा में बहने पहुंची। बहनों ने भाइयों के माथे पर मंगल तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना कर भाइयों से अपराध से दूर रहने की कसम दिखाई।
भाई दूज पर जिला और सेंट्रल जेल प्रशासन द्वारा बहनों के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे। यहां किसी भी बहन को निराश नहीं होना पड़ा। जेल प्रशासन ने सुबह से ही मिलाई कराना शुरू कर दिया। कुछ भाइयों ने भी जेल में बंद बहनों से मुलाकात कर मंगल तिलक लगवाया। उनकी दीर्घायु की कामना कर उनसे अपराध छोड़ने का वचन भी लिया। बहनें माथे पर तिलक करते हुए भावुक हों गईं।

मुस्लिम भाइयों ने भी हिंदू बहनों से कराया तिलक
कई स्थानों पर मुस्लिम समाज के लोगों ने भाई दूज पर परंपरा निभाई वर्षों से तिलक करने आए इन लोगों ने हिंदू बहनों से इस बार भी तिलक कराया।पुराना शहर रोहली टोला निवासी शारिक अब्बास ने बताया कि पड़ोस की रहने वाली राखी कश्यप पिछले 10 सालों से रक्षाबंधन,भैया दूज का पर्व बनाती हैं।
शारिक ने बताया कि भाई बहन का अटूट रिश्ता ऐसे ही जिंदगी भर चलाया जाएगा। जिससे लोगों के दिल से भेदभाव दूर हो और सभी मिलजुल कर एक दूसरे के साथ त्यौहार मनाएं।
यातायात साधन कम पड़े
भाई दूज पर आवागमन ज्यादा ज्यादा हुआ इसलिए रेल, बस और अन्य यातायात साधन कम पड़ गए। बस और रेल स्टेशन पर दिनभर मारामारी रही। सेटेलाइट और पुराने बस अड्डा रोडवेज पर सुबह चार बजे से ही भीड़ शुरू हो गई थी। जंक्शन, सिटी स्टेशन और इज्जत नगर स्टेशन पर भारी संख्या में यात्री आते-जाते नजर आए।



