- एक अगस्त से लागू नई दरें, शासन से अंतिम मुहर शेष
- सिविल लाइंस से ग्रीन पार्क तक कई पॉश कॉलोनियों में ज़बरदस्त उछाल
- प्रशासन ने 350 से अधिक कॉलोनियों के रेट बढ़ाकर बढ़ाया राजस्व का दायरा
- बदायूं रोड, जेपी ग्रींस, करेली जैसी उभरती लोकेशनों में भी बढ़े रेट
- आवासीय और कमर्शियल दोनों श्रेणियों में नई दरें लोगों की जेब पर डालेंगी भार
- रिंग रोड और नई कॉलोनियों ने बढ़ाई ज़मीन की डिमांड, रेट में दिखा सीधा असर
टेलीग्राम संवाद
बरेली। स्मार्ट सिटी के तौर पर तेज़ी से विकसित हो रहे बरेली में अब जमीन खरीदना पहले से महंगा हो गया है। जिला प्रशासन ने आवासीय और वाणिज्यिक (कमर्शियल) संपत्तियों के सर्किल रेट में औसतन 25 प्रतिशत तक की वृद्धि का प्रस्ताव किया है, जिसे 1 अगस्त से लागू भी कर दिया गया है, हालांकि शासन स्तर से इसकी अंतिम मंजूरी अब भी लंबित है।
सिविल लाइंस के पटेल चौक से नावल्टी चौराहे तक की जमीन सबसे महंगी हो गई है। इस क्षेत्र में सड़क से सटी जमीन का सर्किल रेट 99,000 रुपये प्रति वर्ग मीटर तक प्रस्तावित है। साथ ही, रामपुर बाग, आशीष रॉयल पार्क, ग्रीन पार्क, महानगर और सिविल लाइंस जैसी प्रतिष्ठित कालोनियों में भी सर्किल रेट में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
350 कॉलोनियों में बदलाव, तेजी से बढ़ता शहरीकरण
प्रशासन ने वर्ष 2024 में छह साल बाद सर्किल रेट में व्यापक संशोधन किया था। अब 2025 में फिर से 350 से अधिक कॉलोनियों में दरों को बढ़ाया गया है। तेजी से हो रहे शहरी विकास, नई कॉलोनियों का निर्माण और रिंग रोड जैसी परियोजनाओं के चलते प्रशासन ने राजस्व वृद्धि के लिए सर्किल रेट और बाजार मूल्य के अंतर को पाटने का प्रयास किया है।
22 जुलाई तक आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं, जिनके निस्तारण के बाद संशोधित रेट को प्रभावी माना जा रहा है।
प्रस्तावित आवासीय सर्किल रेट (रु/वर्ग मीटर)
क्षेत्र दर
रामपुर बाग ₹70,500
मकरंदपुर सरकार, भटनागर कॉलोनी ₹64,500
सिविल लाइंस (आवास विकास सहित) ₹64,000
राधेश्याम एन्क्लेव, कृष्णा पार्क, मॉडल टाउन ₹64,000
कोतवाली क्षेत्र ₹60,000
शाहदाना कॉलोनी ₹55,000
महानगर कॉलोनी ₹51,500
राम वाटिका ₹47,000
आलमगिरीगंज ₹44,000
मेगा सिटी, आशीष रॉयल पार्क, प्रीति विहार ₹42,000
नोट: आवासीय रेट 9 मीटर से अधिक चौड़ी सड़कों पर लागू
प्रस्तावित कमर्शियल सर्किल रेट (रु/वर्ग मीटर)
क्षेत्र दर
मकरंदपुर सरकार ₹1,45,000
रामपुर बाग ₹1,43,000
भटनागर कॉलोनी, सिविल लाइंस ₹1,37,000
आवास विकास, सिविल लाइंस ₹1,36,000
कोतवाली ₹1,32,000
रुद्राक्ष अपार्टमेंट ₹1,30,000
कटरा मानराय, कृष्णा पार्क, राधेश्याम एन्क्लेव ₹1,26,000
महानगर ₹1,24,000
एलए हारमनी कॉलोनी ₹1,22,000
बदायूं रोड पर दिखा विकास का असर
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की बदायूं रोड पर चल रही योजनाओं का असर भी जमीन की कीमतों में दिखा है। यहां आवासीय योजनाओं के साथ रिंग रोड परियोजना ने जमीनों की कीमतें बढ़ा दी हैं।
क्षेत्र पुरानी दर नई प्रस्तावित दर
कांधरपुर ₹8,800 ₹10,500
शिवधाम कॉलोनी ₹9,200 ₹11,000
बालाजी धाम ₹9,200 ₹11,000
करेली ₹8,000 ₹10,000
बुखारा ₹5,500 ₹6,500
जेपी ग्रींस ₹9,500 ₹11,500



