यूपी में दंगा नहीं, अब सब कुछ चंगा: योगी आदित्यनाथ

  • किसान जयंती पर मुरादाबाद में बिलारी पहुंचे मुख्यमंत्री
  • चौधरी चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का किया अनावरण
  • जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने मंच पर सौंपा स्मृति चिन्ह

आर बी लाल

बिलारी, (मुरादाबाद), टेलीग्रामसंवाद । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यूपी में अब दंगा नही होता है, सब कुछ चंगा है। बेटियां स्कूल जाती हैं। सुरक्षा का माहौल है। कानून बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई हो रही है। डबल इंजन सरकार विकास बुलेट ट्रेन रफ्तार से आगे बढ़ रही है। उत्तर प्रदेश अपनी ताकत और सामर्थ्य से देश के विकास का इंजन बन रहा है। मुख्यमंत्री ने बिलारी में ढकिया में पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 51 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया।

प्रगतिशील किसान सम्मानित

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की पावन जयंती पर जाट महासभा और चौधरी चरण सिंह स्मारक समिति को धन्यवाद देते हैं। चौधरी चरण सिंह की स्मृतियों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि चौधरी चरण सिंह भारत की अर्थव्यवस्था को गहराई से समझते थे। उनका मानना था कि किसान गरीब रहेगा तो भारत गरीब होगा। भारत की समृद्धि का रास्ता गांव, खेत, खलिहानों से होकर जाता है। किसानों के जीवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्यापक परिवर्तन किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले सरकारें आगे होती थीं और समाज पीछे होता था। लेकिन अब चौधरी चरण सिंह स्मारक और जाट महासभा आगे है। सरकार उनके पीछे खड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्ष में किसानों के जीवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में व्यापक परिवर्तन हुआ है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना से किसानों की समृद्धि द्वार खुले हैं। उन्होंने कहा कि यूपी में ही छह साल में 22000 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले केवल एमएसपी की घोषणा होती थी, लेकिन डबल इंजन की सरकार ने इसे लागू किया। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के जरिए किसानों को उनका सम्मान मिला और उनके खाते में करोड़ों रुपये पहुंचे। चीनी मिल पूरी क्षमता के साथ बागपत और आसपास किसानों का गाना खरीद कर उनका भुगतान कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास की रफ्तार तेजी से चल रही है। पूर्वांचल एक्सप्रेस, बुंदेलखंड एक्सप्रेस के बाद गंगा एक्सप्रेस वे से पश्चिमी यूपी लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज से जोड़ने का काम किया है। औद्योगिक क्लस्टर तैयार हो चुके हैं। इससे रोजगार बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मुरादाबाद में वायु सेवा यातायात की व्यवस्था की गई है। पीतल नगरी से 1600 करोड़ से ज्यादा का एक्सपोर्ट हो रहा है। डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के लोगों को संसाधन मुहैया कराए हैं। हमारी संवेदना प्रदेश के नागरिकों के लिए है। उनकी सुरक्षा और पुख्ता होनी चाहिए। सरकार किसान नौजवान और महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम कर रही है।

500 वर्षों के बाद अयोध्या में विराजमान होंगे भगवान राम

मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह के प्रति सभी का सम्मान है। बिजनौर में विदुर कुटी का पुनरुद्धार किया जा रहा है। अयोध्या में 500 वर्षों के बाद भगवान राम विराजमान हो रहे हैं। जो लोग संविधान विरोधी काम कर रहे हैं। संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों की खिल्ली उड़ा रहे हैं। उपराष्ट्रपति का वीडियो बना रहे हैं। जनता जनार्दन उनको सजा देगी। संविधान का अपमान बाबा साहब का अपमान है। अब बाबा साहब का अपमान जनता नहीं सहेगी। हम भारत की सुरक्षा और संविधान के लिए काम करते हैं। देश की एकता अखंडता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार काम कर रही है। कार्यक्रम कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह, सूर्यप्रताप शाही, कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद, राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, विधायक आकाश सक्सेना समेत कई जनप्रतिनिधि थे।

जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने सौंपा स्मृति चिन्ह

कार्यक्रम स्थल पर आयोजित कृषि प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री पहुंचे। वहां पर खेती संबंधी उपकरण और अन्य सामग्री देखी। नैनो यूरिया स्टॉल पर भी पहुंचे। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में पूर्व आईएएस अनिल राजकुमार समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
Telegram Samvad
Author: Telegram Samvad