बोले- अब व्यापारियों से रंगदारी और प्रदेश में दंगा भी नहीं, अपराधी तख्ती टांगकर अपनी जान की भीख मांग रहे।
ट्रिपल इंजन सरकार से होगा विकास धन जनहित में लगेगा।
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि पिछली सरकार में जातिवादी, अराजकतावादी और तमंचावादी संस्कृति हावी थी। व्यापारी दहशत में थे उनसे रंगदारी वसूली जाती थी। बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। मगर, भाजपा सरकार में महानगर स्मार्ट बन रहे हैं। प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। बरेली सभी शहर अब सेफ सिटी है।अपराधी सीना तानकर चलते थे, वह अब तख्ती टांगकर अपनी जान की भीख मांग रहे हैं। पहले कोई निवेश करने के लिए तैयार नहीं था जो कि अब सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार में 35 लाख करोड़ का निवेश यूपी में आया है। इससे एक करोड़ से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।
बरेली कॉलेज मैदान पर रविवार अपराहन निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में सीएम ने सपा पर अपरोक्ष जमकर निशाना साधा। नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में अपराधी सीना तानकर चलते थे। न व्यापारी सुरक्षित थे, न ही बेटियां स्कूल जा पाती थीं। महानगर कूड़े के ढेर बने थे। लेकिन 2017 से उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बना है। महानगर स्मार्ट बनने की ओर अग्रसर है। बरेली भी स्मार्ट सिटी के रूप में अपनी पहचान बन रहा है। पिछली सरकार में तमाम प्रयास करने पर भी 1700 करोड़ का निवेश नहीं आया था। वहीं उनकी सरकार में 35 लाख करोड़ का निवेश आ चुका है। इस निवेश से एक करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने व्यापारियों को 10 लाख की सुरक्षा का कवर बीमा दिया है। अब कोई भी अपराधी व्यापारियों से रंगदारी नहीं वसूल सकेगा। यह सब डबल इंजन की सरकार का करिश्मा है। अगर इसमें ट्रिपल इंजन भी जुड़ जाए तो सोने पर सुहागा होगा।
सीएम ने कहा कि दिल्ली और लखनऊ से मिले धन का दुरुपयोग न हो, इसके लिए नगर निगम, नगरपालिका और नगर पंचायतों में ट्रिपल इंजन की सरकार बनना जरूरी है। इससे ऊपर से आने वाला धन जनहित और विकास में लगेगा बंदरबांट नहीं हो पाएगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या में श्री राममंदिर निर्माण के लिए आंदोलन होते थे। अब मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम मंदिर का निर्माण इसी साल बनकर तैयार हो रहा है। अयोध्या में श्री राममंदिर के साथ ही बनारस में काशी कॉरिडोर, नैमिषारण्य और मथुरा में भगवान श्रीकष्ण मंदिर का निर्माण भी भव्यता के साथ बनेगा। भाजपा सरकार में धर्मस्थलों का तेजी से विकास हो रहा है।
श्री योगी ने कहा कि 2017 से पहले बरेली में दंगे हो रहे थे। ऐसी स्थिति अन्य शहरों में भी थी। मगर, अब प्रदेश में कोई दंगा नहीं हो रहा है कावड़िया सुरक्षित यात्रा भी निकाल रहे हैं। अपराधियों और माफिया दिखना बंद हो गए हैं। यूपी में लगातार निवेश बढ़ रहा है जिससे युवाओं को रोजगार मिलना भी संभव हो पा रहा है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ब्रज प्रांत दुर्गविजय सिंह शाक्य, सांसद संतोष कुमार गंगवार, धर्मेंद्र कश्यप, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. श्याम बिहारी डॉ. राघवेंद्र शर्मा, डॉ. एमपी सिंह, डॉ डीसी वर्मा, भाजपा शहर अध्यक्ष डॉ. केएम अरोरा जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल आदि ने संबोधन किया। संचालन जिला अध्यक्ष पवन शर्मा ने किया। इस मौके पर मेयर समेत सभी नगर पंचायत और नगर पालिका प्रत्याशी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री जी ने परिचय कराया। मुख्यमंत्री आगमन पर शंखनाद हुआ और बड़ी माला पहना कर स्वागत किया। बड़ी तादाद में जनसभा में लोग पहुंचे थे। कार्यक्रम अध्यक्ष अशोक गोयल (अशोका फोम) रहे।
