उम्र 55 की, दिल बचपन का: 12 वी की परीक्षा दे रहे पूर्व विधायक, इसके बाद करेंगे एलएलबी

आरबी लाल, बरेली।
जिले की बिथरी चैनपुर विधानसभा सीट से तेजतर्रार विधायक रहे राजेश कुमार मिश्रा पप्पू भरतौल अब विद्यार्थी बन गए हैं। वह 55 साल की उम्र में 12 वी की पढ़ाई कर रहे हैं, इसलिए क्योंकि इसके बाद वह एलएलबी करेंगे।
पूर्व विधायक इन दिनों यूपी बोर्ड की परीक्षाएं दे रहे हैं। उनके इस कदम ने यह साबित कर दिया है कि पढ़ाई की कोई उम्र नहीं होती।
दरअसल, पूर्व विधायक पप्पू भरतौल ने विधायक बनने के बाद हाईस्कूल तक ही पढ़ाई की थी। वह बिजनेसमैन भी हैं, इसलिए शुरू से ही अपने काम मे व्यस्त रहने की वजह से उच्च शिक्षा पूरी नहीं की थी, लेकिन अब जब वह विधायक भी रह चुके हैं तो उनके 12 वी की पढ़ाई करने से सब हैरत में हैं। अलबत्ता, पूर्व विधायक पप्पू भरतौल का कहना है कि पढ़ाई और ज्ञान को कभी भी अर्जित किया जा सकता है, यह सोचकर ही वह अब पढ़ाई पूरी करना चाहते हैं। उनका मकसद एलएलबी करके कानून का ज्ञान हासिल करने का है। 12 पास करने के बाद वह पांच वर्षीय एलएलबी में प्रवेश लेंगे।

बता दें कि बिथरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक पप्पू भरतौल गत गुरुवार को इंटर का पेपर देने पहुंचे थे, तो लोगों की नजर उन पर पड़ी, तब उनके 12 वी की पढ़ाई करने की जानकारी सबको हुई। पूर्व विधायक ने कहा, उनका पेपर बहुत अच्छा हुआ। पेपर देकर निकलते समय उनके साथ फोटो खिंचवाने वालों की भीड़ लग गई।

ज्ञात हुआ कि पप्पू भरतौल ने विधायक रहते हुए दो वर्ष पूर्व हाईस्कूल पास किया था। इस बार वो इंटर की परीक्षा दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि बच्ची सीता को गोद लेने के संबंध में जब से कानूनी प्रक्रियाओं में उलझे, तब से उन्हें महसूस हुआ कि कानूनी लड़ाई लड़ना काफी महंगी है। उन्होंने कहा कि वकालत शुरू कर अपनी कानूनी लड़ाई खुद लडूंगा और गरीब लोगों को मुफ्त कानूनी सलाह दूंगा। उन्होंने बताया कि घर में पठन- पाठन का पूरा माहौल है। पढ़ाई के लिए किताबें, गेस पेपर मंगवा लिए थे। रात दो बजे तक पढ़ता रहा, इसीलिए पेपर काफी अच्छे हो रहे हैं।

telegramsamvad
Author: telegramsamvad