टेलीग्राम संवाद
बरेली। ग्रामीण क्षेत्र में बदमाशों ने बाइक रोक कर बुधवार आधी रात बाद एक 35 वर्षीय महिला की हत्या कर दी। महिला पति को आंशिक चोट आयी है।बदायूं निवासी पति-पत्नी मां पूर्णागिरी दर्शन कर लौट रहे थे। बरेली-वजीरगंज हाईवे पर बुधवार रात 12 बजे बाद 3 -4 बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवाई। तमंचा सटाकर पति-पत्नी को बाइक से उतारा। महिला से जेवर मांगे, लेकिन उसने देने से मना कर दिया। इससे गुस्साए बदमाशों ने धारदार हथियार से महिला के सिर और चेहरे पर वार किए। महिला खून से लथपथ होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने महिला के जेवर निकाल लिए। पति ने विरोध किया तो उसे भी पीटा गया। कहा- अगर शोर मचाया तो गोली मार देंगे। बदमाशों के भागने के बाद पति ने अपने साले, दोस्त और डायल 112 पर फोन कर सूचना दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली अनुराग आर्य ने गुरुवार पूर्वाहन बताया कि बुधवार रात्रि में लगभग 12:30 बजे डायल 112 पर एक सूचना प्राप्त हुई।पति-पत्नी को घर जाते वक्त आंवला वजीरगंज के रास्ते में अज्ञात बदमाशों द्वारा घेर लिया है। पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुँच कर ओम शरण निवासी वजीरगंज जनपद बदायूं से वार्ता की गई। तो उन्होंने बताया कि रात्रि 12:00 बजे वह बाइक से अपनी पत्नी के साथ घर जा रहे थे तो तीन से चार अज्ञात बदमाशों ने जो पैदल आये थे उन पर हमला कर दिया और उनकी पत्नी के कुंडल और मंगलसूत्र छीनकर चले गए। हमले में उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई। तत्काल तहरीर लेकर लूट व हत्या की धाराओं थाना आंवला पर एफआईआर दर्ज की गई। श्री आर्य द्वारा रात्रि में एसओजी सर्विलांस टीम, फील्ड यूनिट साथ घटनास्थल निरीक्षण व घटनास्थल आसपास एरिया में सर्च कराये जाने पर महत्वपूर्ण साक्ष्य व ऑब्जेक्ट्स मिले हैं।जिससे प्रथम दृष्टया घटना का मोटिव हत्या होना प्रतीत होता है। ओम शरण को किसी प्रकार की कोई इंजरी नहीं है। चेस्ट में एरिया में इनको नाखून के एव्रीजन स्क्रैच मार्क्स हैं। मृतका व ओम शरण द्वारा धारण किए गए आभूषण, वादी की मोटरसाइकिल, बैग में मोबाइल ये सभी ऑब्जेक्ट घटनास्थल से ही बरामद हुए हैं। घटना को अंजाम देने वालों की पहचान के लिए तकनीकी सर्विलांस की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दो टीमों का गठन किया गया है।
घटना के तत्काल बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकअनुराग आर्य और पुलिस अधीक्षक साउथ अंशिका वर्मा भी मौके पर पहुंचीं। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए 2 टीमों का गठन किया गया। ओम शरण साले ने बताया-रात करीब 12:15 बजे मेरे पास जीजा का फोन आया। वह डरे हुए थे। बोले-मेरे साथ कुछ घटना हो गई है, जल्दी आ जाओ। हम लोग जब मौके पर पहुंचे तो मेरी दीदी सड़क के किनारे पड़ी थीं। जीजा को भी हल्की चोट आई थी। मैंने कहा था- रात अधिक हो गई है, यहीं रुक जाओ, सुबह चले जाना। मगर जीजा ने कहा-घर में बच्चे अकेले हैं, इसलिए जाना पड़ेगा।

बदायूं थाना वजीरगंज क्षेत्र गांव व्यूली निवासी ओम शरण ने बताया-मेरी वजीरगंज में टेंट की दुकान है। मैं पूर्णागिरि माता के दर्शन करने गया था। मेरे साथ मेरी पत्नी अमरवती (35) भी थीं। बुधवार को हम लोग दर्शन करके घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे मैं ससुराल, आंवला ग्राम मोतीपुरा पहुंचा।
यहां से साले की बाइक लेकर अपने गांव व्यूली के लिए निकला। वजीरगंज मार्ग पर कंठरी मंदिर के समीप 3 -4 बदमाशों ने मेरी बाइक रोक ली। उनके पास तमंचा और धारदार हथियार थे। तमंचा दिखाकर बदमाशों ने मुझे और मेरी पत्नी को बाइक से उतार दिया, फिर बाइक की चाबी ले ली।

बदमाशों ने पत्नी से जेवर देने को कहा। मेरी पत्नी ने मना कर दिया। इस पर बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी। मैंने बचाने की कोशिश की तो मुझे भी पीटा गया। मेरे सिर पर तमंचा लगा दिया। बोले-अगर शोर मचाया तो जान से मार देंगे।ओम शरण ने बताया-एक बदमाश ने धारदार हथियार से मेरी पत्नी के सिर पर हमला कर दिया। उसके चेहरे पर भी वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने मेरी पत्नी के कानों के कुंडल, मंगलसूत्र और नकदी लूट ली। मेरे पास भी पैसे थे, जिन्हें उन्होंने छीन लिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए। बदमाशों के जाते ही मैंने पहले अपने साले को फोन कर सूचना दी, फिर डायल 112 पर फोन किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।



